आचार्यश्री के दीक्षा महोत्सव का भव्य आयोजन भोपाल में


भोपाल। दिगम्बर जैन संत आचार्यश्री विद्यासागर जी महाराज के पचासवे दीक्षा वर्ष के अवसर पर भोपाल में भव्य “संयम स्वर्ण महोत्सव” का आयोजन 5 अक्टूबर, शरद पूर्णिमा के दिन रविन्द्र भवन के मुक्ताकाश मंच पर किया जा रहा है। इस आयोजन में मप्र संस्कृति विभाग के सहयोग से उड़ीसा के प्रिंस ग्रुप की शानदार प्रस्तुति होगी। इसके अलावा मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान का अभिनन्दन भी किया जायेगा।

महोत्सव के सूत्रधार रवीन्द्र जैन ने बताया कि शरद पूर्णिमा पर आचार्यश्री का 72 वां जन्मदिन भी है। संयम स्वर्ण महोत्सव की पूरे भोपाल के लगभग सभी मंदिरों में जोरदार तैयारियां की गई हैं। शाम सात बजे से होने वाले इस आयोजन में बीस से अधिक सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए जायेंगे। सबसे बड़ा आकर्षक उड़ीसा का प्रिंस ग्रुप है। इस ग्रुप ने कलर्स टीवी के इंडिया गोट टेलेंट का प्रथम पुरस्कार जीता था। इसके सती चंदनबाला पर नाटक, आर्मी थीम पर डांस, आचार्यश्री पर आधारित नृत्य नायिकाओं की प्रस्तुति की जाएगी।

इस महोत्सव के लिये प्रदेश के वित्तमंत्री जयंत मलैया की अध्यक्षता और आईपीएस अधिकारी पवन जैन के मुख्य संयोजन में एक आयोजन समिति का गठन किया गया है। महोत्सव में बाल ब्रह्मचारी विनय भैया जी बंड़ा आचार्यश्री के संयम पर उद्बोधन देंगे।

मुख्यमंत्री का सम्मान
समारोह में मप्र के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को प्रदेश की आंगनवाड़ियों में अंडा वितरण पर रोक लगाने के लिए उन्हें आचार्यश्री विद्यासागर अहिंसा सम्मान से सम्मानित किया जाएगा।


Comments

comments