काल घूमता नहीं घूमाता है : आचार्यश्री


आईएफएस अधिकारी अतुल जैन के चौके में हुई आहारचर्या

भोपाल। मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में चातुर्मास कर रहे जैन संत आचार्य विद्यासागर महाराज ने कहा है कि मनुष्य पर्याय बहुत दुर्लभ है और समय की गति रुकती नहीं है। हर क्षण बीत रहा है जो भी सद्कार्य करने हैं  उन्हें शीघ्र शुरू करना चाहिए। उन्होंने कहा कि कालचक्र घूमता नहीं है वह अच्छे अच्छों को घुमा देता है। आचार्यश्री हबीबगंज दिगम्बर जैन मंदिर में शुक्रवार को प्रवचन दे रहे थे। प्रवचन से पूर्व अहिंसा विहार दिगम्बर जैन मंदिर के अध्यक्ष कैलाश चंदेरी के नेतृत्व में पूरी समाज ने उनकी संगीत के साथ पूजन की। शुक्रवार को आचार्यश्री की आहारचर्या भारतीय वन सेवा के वरिष्ठ अधिकारी और आचार्यश्री के भक्त अतुल जैन के चौके में संपन्न हुई।

शुक्रवार को आचार्यश्री का प्रवचन कालचक्र और मनुष्य जीवन पर आधारित था। उन्होंने एक उदाहरण के माध्यम से समझाया कि कुंभकार चाक और मिट्टी का लोथा रखता है डण्डी से उसे घुमाता भी है, लेकिन कुंभ तक नहीं बन सकता जब तक चाक के नीचे कील न हो, उस कील पर घुमकर ही चाक मिट्टी को कुंभ में बदलता है। उन्होंने कहा कि कील का अपने स्थान पर मजबूत होना भी आवश्यक है। एक और उदाहरण देते हुए आचार्यश्री ने कहा कि एक दादाजी अपने पोते का जन्मदिन मना रहे थे। पोते ने पूछा दादाजी आपका जन्मदिन कब है। दादाजी ने जवाब दिया कि अगले माह। पोता बोला कि आप गलत हो। दादाजी का जन्म तो उसी क्षण हुआ था तब पैदा हुआ। क्योंकि काल क्षेत्र, प्रभाव के अनुसार पोता का जन्म होने पर ही व्यक्ति दादा के रूप में दादा बना। आचार्यश्री ने कहा कि वस्तु के स्वभाव को पहचानना जरूरी है। चिंतन किए बिना सांसारिक प्राणी अपने स्वरूप को नहीं पहचान सकते। काल घूमता नहीं है, वह घुमाता है। काल बीत रहा है। हर क्षण कीमती है। उसका मूल्य समझो यह मनुष्य पर्याय पूर्व जन्म के कर्मों के फल के रूप में मिली है। इसका हर क्षण उपयोग करो। यदि समय का सही नहीं कर सके तो इतिहास में खो जाओगे।

कल मनेगा संयम महोत्सव

कल शनिवार को आचार्य विद्यासागर जी महाराज से दीक्षित 24 दिगम्बर जैन मुनियों का दीक्षा दिवस भोपाल में संयम महोत्सव के रूप में मनाया जाएगा। इस अवसर पर सुबह 9 बजे हबीबगंज जैन मंदिर में दीक्षित मुनिराजों को शास्त्र भेंट किया जाएगा। आचार्यश्री की पूजन होगी और संयम महोत्सव पर आचार्यश्री के विशेष प्रवचन होंगे। चातुर्मास समिति के अध्यक्ष प्रमोद जैन हिमांशु, संयोजक राजेश जैन कोयलेवाले और कार्याध्यक्ष मनोज जैन एमके इंडिया ने संयम महोत्सव में सभी भक्तों को आमंत्रित किया है। प्रतिष्ठाचार्य ब्रह्मचारी सुमत जैन ने शुक्रवार के कार्यक्रम का संचालन किया एवं आचार्यश्री की पूजन के अर्घ चढ़वाये।

 

  • रवीन्द्र जैन

Comments

comments