सहस्त्रफणि पार्श्वनाथ की प्रतिमा गुना पहुंची, 26 से पंचकल्याणक महोत्सव शुरू


मध्य प्रदेश की गुना नगरी में आगामी 26 जनवरी से जिनबिम्ब पंचकल्याणक प्रतिष्ठा महोत्सव का भव्य आयोजन होने जा रहा है। इस पंचकल्याणक प्रतिष्ठा महोत्सव में जैन धर्म के 23वें तीर्थकर भगवान पार्श्वनाथ की सहस्त्रफणि प्रतिमा स्थापित की जाएगी। सहस्त्रफणि पार्श्वनाथ की मनोहारी प्रतिमा जयपुर से तैयार होकर शुक्रवार दोपहर गुना पहुंची। प्रतिमा के दर्शन करने बड़ी संख्या में जैन श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। इस दौरान मुनिश्री समय सागर जी महाराज एवं आर्यिका संघों ने भी प्रतिमा के दर्शन किये। इसके बाद प्रतिमा को चौधरी मौहल्ला स्थित पार्श्वनाथ जिनालय लाया गया।

पंचकल्याणक प्रतिष्ठा महोत्सव से पूर्व दिनांक 22 जनवरी से नगर में कई अन्य कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। समिति के मीडिया सहसंयोजन सुमित जैन ने बताया कि दिनांक 21 जनवरी को पंचकल्याणक प्रतिष्ठा महोत्सव के सभी पात्रों द्वारा मुनि एवं आर्यिका संघ के सानिध्य में पार्श्वनाथ मंदिर में श्री सिद्धचक्र महामंडल विधान आयोजित किया जाएगा। सिद्धचक्र महामंडल विधान प्रात: 07.15 बजे से शुरू होगा। दिनांक 22 जनवरी को अहिंसा जैन ग्रुप के तत्वाधान में भगवान के माता-पिता की गोद भराई एवं भजन संध्या का कार्यक्रम वासुपूज्य जिनालय में रात 07.00 बजे किया जाएगा।


Comments

comments