मेरठ में जैन बुजुर्ग दंपति पर बरसाई गोलियां, पति की मौके पर ही मौत, पत्नी गंभीर रूप से घायल


मेरठ में गुरुवार सुबह 8 बजे बेडरूम में घुसकर बदमाशों ने पति-पत्नी को गोली मार दी। हमले में स्पोर्ट्स कारोबारी डीके जैन उर्फ धनकुमार जैन (70) की मौत हो गई है। उनकी पत्नी अंजू जैन (65) की हालत गंभीर बनी है। उन्हें KMC अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पड़ोसी ने बताया कि दो नकाबपोश बदमाशों ने वारदात को अंजाम दिया है। बदमाशों ने पहले कारोबारी के बेटे और पोती को कमरे में बंद किया। फिर लूटपाट की। विरोध करने पर दंपती को गोली मार दी। वारदात ब्रह्मपुरी थाना के देहली गेट की है। बताया जा रहा है कि CCTV में दो हमलावर नज़र आ रहे है। वारदात वाली जगह से पुलिस और फोरेंसिक टीम सबूत जुटा रही है। परिवार के लोग रो-रोकर बेहाल हैं।

बताया जा रहा है कि सुबह लगभग 8 बजे की वारदात है। दो नकाबपोश बदमाश आए और घर में घुसे। उन्होंने कारोबारी डीके जैन और उनकी पत्नी अंजू जैन को गोली मार दी। डीके जैन को सीने में सटाकर गोली मारी गई है। बदमाश कैसे आए थे? यह नहीं पता चल रहा है। बदमाशों ने लूटपाट भी की है। जिस वक्त वारदात हुई उस वक्त घर पर बेटा, पोती और कारोबारी पति-पत्नी थे।

बदमाशों ने पहले बेटा और पोती को कमरे में बंद कर दिया। इसके बाद दूसरे कमरे में गए। कारोबारी पति-पत्नी ने विरोध किया, तो दोनों को गोली मार दी। लूटपाट की और चले गए। बेटा विदेश में रहता है। कुछ दिन पहले ही मेरठ आया है।

भाजपा नेता कमलदत्त शर्मा ने कहा कि कहीं न कहीं ये रेकी के बाद वारदात को अंजाम देना लग रहा है। जिस तरह बच्ची और बेटे को कमरे में बंद किया, उससे लग रहा है कि बुजुर्ग ने हमलावरों को पहचान लिया होगा। इसलिए उन्होंने गोली मार दी। सामान भी गायब है। बदमाश कह रहे थे कि बाहर उनके और भी साथी हैं।

वारदात के वक्त घर में छोटा बेटा अभिषेक और पोती आशी थी। अभिषेक नार्वे में जॉब करता है। बड़ा बेटा नवीन जैन अपनी पत्नी के साथ मॉर्निंग वॉक पर गया था। जब वारदात हुई तो घर के मेनगेट का चैनल खुला था। यहीं से दोनों बदमाश घर में घुसे। कारोबारी का बेटा अभिषेक हत्या के बाद से बेसुध है। पुलिस उससे घटना के बारे में जानकारी जुटा रही है।

वारदात की जानकारी सबसे पहले दूधिया को हुई। दूधिया जब दूध देने घर आया तो उसने आवाज लगाई। अंदर से कोई नहीं निकला, तब वह घर में गया। अंदर देखा तो खून से लथपथ दोनों को पड़े थे। दूधवाले ने पड़ोसियों को बताया। पुलिस ने दूधिया को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है।

बेटा-बहू मॉर्निंग वॉक पर गए तो मेन गेट का चैनल खुला छोड़ गए थे। इसके बाद बदमाश घर में घुसे। SSP ने बताया कि सुबह 8 बजे के करीब दो लोग घर आए और बुजुर्ग दंपती पर गोली चलाकर लूटपाट की है। पुलिस CCTV कैमरे खंगाल रही है। ये दो लोग कौन थे? पता कर रहे हैं। तहरीर लेकर मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। शुरुआती जांच में लूटपाट का मामला लग रहा है। वारदात के वक्त घर में चार लोग मौजूद थे। सामान कितना गया, यह अभी चेक किया जा रहा हैं।


Comments

comments