शिखरजी पर्वत की वंदना कर लौट रहे ब्रिटेन से आए तीर्थयात्री की हार्ट अटैक से मौत


गिरिडीह। जिले के मधुबन में ब्रिटेन  से आए जैन तीर्थयात्री  विसेंट पेनर की हार्ट अटैक से मौत हो गई।  72 वर्षीय विसेंट पेनर अपनी पत्नी निकोला के साथ पर्वत वंदना कर लौट रहे थे। इसी दौरान मधुबन पेट्रौल पंप के पास वे बेहोश होकर गिर गए। आनन-फानन में उन्हें गिरिडिह सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

विसेंट पेनर और उनकी पत्नी निकोला के साथ रांची की एक महिला भी मधुबन आयी थीं. तीनों मधुबन के सिद्धायतन कोठी में ठहरे थे। रविवार को तीनों पारसनाथ पहाड़ से उतरकर सिद्धायतन कोठी जा रहे थे। इसी दौरान मधुबन के मेन रोड स्थित कांसलीवाल कोठी के समीप विसेंट को पहले चक्कर आया, फिर छाती में दर्द उठा। जिसके बाद वे बेहोश होकर गिर गये. बाद में उनकी मौत हो गई।

घटना की जानकारी मिलने के बाद सिद्धायतन कोठी के प्रबंधक और कर्मी कांसलीवाल कोठी पहुंचे और मधुबन थाना पुलिस को घटना की जानकारी दी। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। मधुबन से विसेंट के शव को रांची लाया जाएगा। यहां से कोलकाता होते हुए ब्रिटेन भेजा जायेगा। विसेंट एक साल से भारत में रह रहे थे। जबकि पत्नी निकोला एक महीना पहले भारत आई थी।


Comments

comments