बेसवां, उत्तर प्रदेश — 250 वर्ष अति प्राचीन श्री 1008 महावीर दिगंबर जिन मंदिर, बेसवां में दिनांक 18 अप्रैल से 21 अप्रैल 2025 तक श्री 1008 आदिनाथ जिनबिंब पंचकल्याणक प्रतिष्ठा महोत्सव एवं विश्वशांति महायज्ञ का भव्य आयोजन सम्पन्न हुआ।
इस पावन अवसर पर धर्म और संस्कृति की दिव्य अनुभूति कराते हुए हजारों श्रद्धालुओं ने भाग लिया। समारोह की विशेष शोभा तब और बढ़ गई जब शाहदरा जैन समाज के प्रधान श्री रमेश चंद जैन एवं उनकी धर्मपत्नी श्रीमती संगीता जैन को सौधर्म इन्द्र–इन्द्राणी बनने का सौभाग्य प्राप्त हुआ। इस गौरवपूर्ण क्षण पर समाज के लोगों ने उनका भव्य अभिनंदन किया और शुभकामनाएँ दीं।
इस सुअवसर पर सौधर्म इंद्र श्री रमेश चंद जैन के परिवार के सभी सदस्य—पुत्र अभिषेक जैन, पुत्रवधू नेहा जैन, पोत्र सिद्धार्थ जैन, पुत्री शालिनी जैन एवं चारु जैन—पूरे पंचकल्याणक महोत्सव में सपरिवार सक्रिय रूप से सम्मिलित रहे और अपने सेवाभाव से आयोजन की शोभा बढ़ाई।
चार दिवसीय पंचकल्याणक प्रतिष्ठा महोत्सव का आयोजन आध्यात्मिक वातावरण में सम्पन्न हुआ, जिसमें परम पूज्य अध्यात्म योगी आचार्य श्री 108 आदित्यसागर जी मुनिराज ससंघ का दिव्य सान्निध्य प्राप्त हुआ। उनके द्वारा दिए गए धर्मोपदेशों और ध्यान-सत्रों ने श्रद्धालुओं को आत्मिक शांति और आध्यात्मिक ऊर्जा से भर दिया।
महोत्सव में जैन संस्कृति की विविध झलकियाँ, जिनबिंबों का विधिपूर्वक प्रतिष्ठापन, भक्ति संगीत, कलश यात्रा और विश्वशांति की कामना के साथ महायज्ञ जैसे कार्यक्रम संपन्न हुए।
मंदिर परिसर को आकर्षक रूप से सजाया गया था, जहाँ भक्तों ने आस्था और उल्लास के साथ प्रत्येक आयोजन में सहभागिता की। यह आयोजन न केवल धार्मिक आस्था का केंद्र बना, बल्कि सामाजिक एकता, शांति और आध्यात्मिक उन्नयन का प्रेरणास्रोत भी सिद्ध हुआ।