भगवान महावीर पावापुरी महोत्सव का हुआ भव्य आगाज, मुख्यमंत्री ने किया उद्घटान।


जैन धर्मावलंबियो का विश्व प्रसिद्ध जैन तीर्थ स्थल पावापुरी में आज जैनियो के अंतिम 24 वें तीर्थंकर भगवान महावीर निर्वाण महोत्सव का उद्घाटन बिहार के माननीय मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार जी ने किया।
कार्यक्रम की शुरुआत दिगम्बर जैन मंदिर में प्रात: अभिषेक, पंचामृत अभिषेक, शांतिधारा, विशेष पूजन, ध्वजारोहण के साथ किया गया।
दिगम्बर जैन मंदिर परिसर में मानस्तम्भ के समक्ष जैन ध्वजारोहण बिहार स्टेट दिगम्बर जैन तीर्थ क्षेत्र कमिटी के उपाध्यक्ष अजय कुमार जी जैन, मानद मंत्री श्री पराग जी जैन और आमंत्रित किये गए महावीर आयुर्विज्ञान संस्थान के प्राचार्य श्री जे• के• दास जी के कर कमलो द्वारा किया गया।
इसके पश्चात मुकेश जी जैन (दरभंगा) के द्वारा मनोकामना सिद्धि विधान का आयोजन हुआ, विधान विधानाचार्य पंडित मुकेश जी शास्त्री अम्बा मुरैना ने करवाया।
पूर्वाहन 3:35 में माननीय मुख्यमंत्री महोदय का श्री दिगम्बर जैन कोठी में आगमन हुआ, उनके स्वागत में श्री बिहार स्टेट दिगम्बर जैन तीर्थ क्षेत्र कमिटी के पदाधिकारी , सदस्य, सहित पावापुरी पधारे जैन तीर्थ यात्री खड़े थे।
मुख्यमंत्री का गाड़ी द्वार पर प्रवेश करते ही सभी लोगो ने उत्साह पूर्वक तालियां बजाकर और भगवान महावीर के जयकारो के साथ स्वागत किया, अजय कुमार जैन, पराग जैन एवं बिहार राज्य दिगम्बर धार्मिक न्यास बोर्ड के अध्यक्ष श्री गोपाल जैन जी ने तिलक लगाकर, माला, जैन अहिंसा परमो धर्म: का पट्टा पहनाकर, और जय जिनेन्द्र कर भव्य स्वागत किया।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने दिगम्बर जैन कोठी के भगवान महावीर मूलवेदी के समक्ष मंगल आरती किया और आर्शीवाद प्राप्त किया।
इसके बाद सिंह द्वार पर मुख्यमंत्री ने जैन पंचरंगा झंडा फहराया , भगवान महावीर का वृतचित्र अनावरण कर और द्वीप प्रज्वलित कर भव्य पावापुरी महोत्सव का शुभारम्भ किया।
जलमंदिर के शुद्ध जल से भरा जैन पंडित द्वारा शुद्ध किया गया स्वर्ण कलश को मस्तक से लगाकर नमन किया।
तत्पश्चात जैन समाज के पांच श्रदालुओ ने मुकुट-माला पहनें पंचरंगा झंडा के साथ स्वर्ण कलश को लेकर भव्य शोभायात्रा निकाली जो पावापुरी महोत्सव के पंडाल तक गया, जिसमें भारी संख्या में जैन समाज शामिल हुए।
उस स्वर्ण कलश को पावापुरी महोत्सव विशाल पंडाल में स्थापित किया गया, जो काफी आकर्षक लग रहा था।
सूबे के मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार के साथ मंत्रीमंडल के कई मंत्री, सदस्य, विधायक के साथ अन्य विशिष्ट अतिथि ने मंच पर द्वीप प्रज्वलित किया।


सीएम नीतीश कुमार ने कहा कि पुरे बिहार की धरती भगवान महावीर से तृप्त है, उनके पांचो कल्याणक बिहार के इस पावन धरती पर हुआ, जो हम बिहारी के लिए गौरव की बात है और हम गौरवशाली है जो इस धरती पर जन्म लिए है।
भगवान महावीर के दिए गए संदेशो पर हमे चलने की जरुरत है, उनके दिये गए सन्देश “जीओ और जीने दो” का पालन करना चाहिए, ये नही की हम जिये और दुसरो को ना जीने दे, हम सभी को कदम से कदम मिला कर चलना चाहिए।
उन्होंने अपने बचपन का भी जिक्र किया कि जब मैं छोटा था तब मेरे माँ- पिता जी बताते थे कि चल रहे जैनियो का मेला देखने वहाँ दीवाली पर बड़ा सा भव्य निर्वाणलाडू चढ़ता है।
इस प्रकार मुख्यमंत्री ने भगवान महावीर पर कई बातें कही।
बिहार स्टेट दिगम्बर जैन तीर्थ क्षेत्र कमिटी के मानद मंत्री श्री पराग जी जैन ने जनता को संबोधित करते हुए कहा कि हम जैन समाज और पावापुरी वाशियो के साथ पुरे बिहार के लिए गौरव की बात है कि भगवान महावीर निर्वाण महोत्सव को इस वर्ष से राजकीय स्तर पर आयोजित किया गया।
मैं इस सफल अन्तर्राष्ट्रीय पावापुरी महोत्सव हेतु बिहार सरकार को धन्यवाद देता हूँ कि आज राजकीय स्तर पर हम भगवान महावीर निर्वाण महोत्सव को मना रहे।
गत वर्ष निर्वाण महोत्सव में आये मुख्यमंत्री महोदय से हमारे कमिटी की ओर से माँग किया था कि भगवान महावीर निर्वाण महोत्सव को राजकीय स्तर पर मनाया जाये और हमारे मुख्यमंत्री महोदय ने इस बात को स्वीकार किया और ऐलान भी कर दिया कि आने वाले निर्वाण महोत्सव को बिहार सरकार द्वारा आयोजित किया जाएगा।
मैं क्या पुरा विश्व का जैन समाज खुश है और गौरव महसूस कर रहा है।
हम मुख्यमंत्री महोदय का आभार व्यक्त करना चाहेंगे।
श्री पराग जैन के साथ अध्यक्ष , उपाध्यक्ष महोदय ने आभार प्रकट करते हुए महावीर स्वामी की प्रतिमा का स्मृति चिन्ह भेंट किया और बहुत-बहुत धन्यवाद किया ।
इस मौके पर पावापुरी सिद्ध क्षेत्र के प्रबंधक अरुण कुमार जैन, संदीप जैन, के साथ कमिटी के अन्य सदस्य, जैन श्रद्धालु, सहित विजय कुमार जैन, सुनील जैन, संजीत जैन, रवि जैन, जगदीश जैन, संजीव जैन, विमल जैन, सतेंद्र कुमार जैन, पवन कुमार जैन, सुनील कुमार जैन, प्रवीण जैन, बैजनाथ जैन, मनीष जैन, मनमोहन जैन, सोनू जैन, मनोज जैन आदि सहित काफी संख्या में लोग शामिल हुए।
एक से बढ़ कर एक रंगा रंग प्रस्तुति के साथ भगवान महावीर के जीवन पर आधारित कई कार्यक्रम आयोजित हुआ।

  • प्रवीण जैन

Comments

comments