कुण्डलपुर में आखिरी दिन रही श्रद्धालुओं की अपार भीड़


सिद्धक्षेत्र कुण्डलपुर में बड़े बाबा (भगवान आदिनाध) का महामस्तकाभिषेक कार्यक्रम आचार्यश्री विद्यासागर जी के पावन सानिधय में  4 जून से बड़ी श्रद्धा-भक्ति के साथ मनाया गया। महामस्तकाभिषेक के आखिरी दिन बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने बड़े बाबा का अभिषेक कर धर्मलाभ प्राप्त किया। जयकुमार जलज ने बताया कि 30 जून को संत शिरोमणि आचार्यश्री विद्यासागर जी महाराज के 49वें दीक्षा दिवस पर महोत्सव के समापन तक हजारों श्रद्धालुओं ने अभिषेक कर जीवन को धन्य कर लिया। प्रथम पुण्यार्जक के रूप में अरुण जैन मुजफ्फरनगर ने अभिषक किया और अभिषेक करने के लिए लंबी कतारें लगी रही।

अभिषेक के बाद श्रद्धालुओं ने बड़े बाबा की 15 फुट ऊंची मनोहारी प्रतिमा के दर्शन किया और उसके बाद कुण्डलपुर स्थित 63 जिनालयों की वंदना भी की। इस दौरान अनेक कार्यक्रम हुए, जिसमें आचार्य ज्ञानसागर जी महाराज का समाधि दिवस मनाया गया। भगवान शांतिनाथ का जन्म-तप-मोक्ष कल्याणक, भगवान धर्मनाथ का मोक्ष कल्याणक , भगवान सुपाश्र्वनाथ का जन्म-तप कल्याणक, भगवान विमलनाथ का मोक्ष कल्याणक, भगवान नेमनाथ का जन्म-तप कल्याणक एवं आचार्यश्री विद्यासागर जी मुनि का दीक्षा दिवस महोत्सव कार्यक्रम बहुत ही धूमधाम से मनाया गया।

महामस्तकाभिषेक के दौरान लोकसभा अध्यक्ष सुमित्रा महाजन, भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह, मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, भाजपा अध्यक्ष नंदकिशोर चौहान एवं देश भर के विभिन्न प्रांतों के मंत्री एवं अतिविशिष्टगण कुण्डलपुर पहुंचे और बड़े बाबा के दर्शन किये।


Comments

comments